फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मनी लॉन्ड्रिंग केस: भ्रष्टाचार रोधी संस्था ने शहबाज शरीफ और बेटे हमजा को दी क्लीन चिट, जानें पूरा मामला

Wed, 10 May 2023 05:15 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

एनएबी ने साल 2020 में मामला दर्ज किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि शहबाज और उनके परिवार के सदस्य धनशोधन और फर्जी खातों के जरिए धन के अवैध हस्तांतरण में शामिल हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के आदेश पर अल-कादिर ट्रस्ट मामले में जहां पीटीआई प्रमुख इमरान खान की गिरफ्तारी की गई है, वहीं दूसरी ओर एक दिन बाद भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने धनशोधन के एक मामले में दोबारा जांच के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके बेटे हमजा को 'निर्दोष' करार दिया है। स्थानीय मीडिया में बुधवार को यह जानकारी दी गई। 

विज्ञापन

दिसंबर 2020 में दर्ज किया गया था मामला
एनएबी ने साल 2020 में मामला दर्ज किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि शहबाज और उनके परिवार के सदस्य धनशोधन और फर्जी खातों के जरिए धन के अवैध हस्तांतरण में शामिल हैं। देश के एक प्रमुख समाचार चैनल की वेबसाइट ने अपनी खबर में बताया है कि पूरक रिपोर्ट जवाबदेही अदालत (एनएबी कोर्ट) को सौंपी गई। रिपोर्ट जवाबदेही अदालत के न्यायाधीश कमर-उल-जमान की सुनवाई के दौरान पेश की गई।
 

एनएबी ने अदालत में सौंपी पूरक रिपोर्ट
बुधवार की सुनवाई के दौरान हमजा ने चिकित्सा आधार पर उपस्थिति से छूट की मांग करते हुए एक याचिका दायर की, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी। सोमवार को सौंपी गई पूरक रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, उनकी पत्नी नुसरत शहबाज, बेटे हमजा शहबाज और अन्य आरोपियों की दोबारा जांच के बाद मामले में कोई संलिप्तता नहीं पाई गई। 
 

मामले में कार्रवाई 24 मई तक की स्थगित
एनएबी के एक अधिकारी के मुताबिक, एनएबी संशोधन कानून के तहत भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, अदालत ने आगे की कार्यवाही 24 मई तक के लिए स्थगित कर दी और प्रधानमंत्री के दामाद हारून यूसुफ अजीज और सह आरोपी सैयद मुहम्मद ताहिर नकवी की अंतरिम जमानत 24 मई तक बढ़ा दी। 
 
विज्ञापन

चीनी घोटाला मामले में 16 अरब रुपये के धनशोधन का आरोप
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब एनएबी के आदेश पर अर्धसैनिक रेंजर्स द्वारा कथित भ्रष्टाचार के लिए मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद से देश के कई शहरों में हिंसा भड़की हुई है। दिसंबर 2020 में खान जब सत्ता में थे, तब संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने शहबाज और उनके बेटे हमजा के खिलाफ अदालत के समक्ष चालान पेश किया था। चीनी घोटाला मामले में 16 अरब रुपये के धनशोधन में पिता-पुत्र दोनों पर कथित संलिप्तता का आरोप है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें