एक पाकिस्तानी राजनयिक ने भारत के खिलाफ जहर उगला है। दरअसल अमेरिका में पाकिस्तानी दूतावास में तैनात एक राजनयिक ने ट्वीट कर लिखा कि भारत अब एक स्वस्थ लोकतंत्र नहीं है और भारत में मुस्लिमों के खिलाफ नफरत को बढ़ावा दिया जा रहा है। पाकिस्तानी राजनयिक ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि अब वह इस मुद्दे पर शांत ना रहें।
पाकिस्तानी राजनयिक का भड़काऊ बयान
अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी स्थित पाकिस्तानी दूतावास में प्रेस काउंसलर के पद पर तैनात सरफराज हुसैन ने एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में सरफराज ने वॉशिंगटन पोस्ट में लिखे राना अयूब के लेख का लिंक साझा किया। ट्वीट के कैप्शन में पाकिस्तानी अधिकारी ने लिखा कि 'अंतरराष्ट्रीय बिरादरी अब चुप ना रहे। राना अयूब ने चेतावनी दी है कि मोदी इंडिया को समझाने के लिए एक नया नैरेटिव गढ़ा जा रहा है। भारत कोई स्वस्थ लोकतंत्र नहीं है। मोदी भारत में मुस्लिमों के खिलाफ नफरत को बढ़ावा दे रहे हैं और दुनिया इस तरफ देख ही नहीं रही है।'
लेख का दिया हवाला
लेख में कहा गया है कि भारत में व्यवस्थागत तरीके से मुस्लिमों को शोषण हो रहा है और उनके खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है और अब इस प्रचार को चलते हुए कई साल बीत गए हैं तो यह मौजूदा समय में काफी गंभीर हो गया है। इस लेख में पीएम मोदी, गुजरात दंगे और देश में कथित हिंदुत्व उभार के बारे में लिखा गया है। भारत पाकिस्तानी राजनयिक का यह ट्वीट ऐसे समय सामने आया है, जब जम्मू कश्मीर में जी20 की बैठक होने जा रही है। जी20 का टूरिज्म सम्मेलन श्रीनगर में आयोजित होगा। इसका पाकिस्तान द्वारा विरोध किया जा रहा है।