पाकिस्तान में भ्रष्टाचार किस हद तक फैला है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब सुरक्षा के लिए जिम्मेदार खुफिया एजेंसियों के अधिकारी ही ऐसे मामलों में फंसते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अपने ऊपर लगे आरोपों से बचने के लिए वे किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है इस्लामाबाद से, जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों ने अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को दबाने के लिए इनका खुलासा करने वाले पत्रकार और उसकी टीम को ही बंधक बना लिया और उनका जबरदस्त टॉर्चर किया।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, एआरवाई चैनल (ARY Channel) के टेलिविजन होस्ट और पत्रकार सैयद इकरारुल हसन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आईबी के अफसरों ने उन्हें और उनके चैनल की टीम को कराची दफ्तर में बंधक बना लिया और फिर उन्हें घंटों टॉर्चर किया। पत्रकारों की जो फोटो सामने आई है, उनमें साफ है कि पूरी टीम के साथ जबरदस्त मारपीट की गई। कई पत्रकारों के कपड़े फटे पाए गए। वहीं उनके शरीर से लेकर चेहरे तक पर जख्मों के निशान देखे जा सकते हैं।
मीडिया से बातचीत में हसन ने बताया कि उन्हें और उनके साथियों के कपड़े उतरवा लिए गए और उनकी आंखों पर कपड़ा बांधकर घंटों टॉर्चर किया गया। हसन ने बताया कि उन्होंने आईबी के एक इंस्पेक्टर के भ्रष्टाचार का खुलासा किया था, जिसके चलते विभाग के अधिकारियों ने उन्हें टॉर्चर किया और बिना कपड़ों में उनका वीडियो भी तैयार कर लिया।
आईबी के स्टिंग ऑपरेशन में क्या था?
एआरवाई समाचार चैनल पर प्रसारित होने वाले इंवेस्टिगेटिव क्राइम शो ‘सर-ए-आम’ (सरेआम) के होस्ट सैयद इकरारुल हसन (37) अपने शो के लिए समाज के विभिन्न तबकों में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने के लिए स्टिंग ऑपरेशन करते हैं। हसन ने बताया कि आईबी का एक अधिकारी एजेंसी के गेट पर रिश्वत ले रहा था, ‘‘हमने उच्चाधिकारियों से उसकी शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन आईबी अधिकारी रिजवान शाह ने हमारी टीम के साथ हाथापाई की और हमारी पिटाई करते रहे।’’ हसन ने दावा किया, ‘‘मेरे सिर पर 8-10 टांके लगे हैं और प्रताड़ना के कारण मेरा कंधा उतर गया है।’’
आईबी के पांच अधिकारियों को सस्पेंड किया गया
हसन को प्रताड़ित किए जाने का यह पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब चोटें लगी हुई और फटे कपड़ों में तथा इलाज कराते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। डॉन अखबार के मुताबिक, आईबी के उपमहानिदेशक इफ्तिखार नबी तुनियो ने बताया कि ‘‘एआरवाई न्यूज टीम को प्रताड़ित करने और स्थिति से गलत तरीके से निपटने को लेकर’ आईबी के पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
खबर के मुताबिक, सैयद मोहिनुद्दीन रिजवान (निदेशक, बीपीएस-19), महमूब अली और इनाम अली (दोनों स्टेनो टाइपिस्ट), रजब अली (उपनिरीक्षक) और खावर को निलंबित किया गया है। हसन ने कहा, ‘‘तत्काल कार्रवाई करने और घटना से जुड़े पांच अधिकारियों को निलंबित करने के लिए मैं संघीय सरकार का शुक्रगुजार हूं।’’