अमेरिका में एक पाकिस्तानी डॉक्टर को आतंकवाद गतिविधियों के लिए दोषी करार दिया गया है। पाकिस्तानी डॉक्टर के इस्लामिक आतंकी समूह के प्रति वफादारी और अमेरिका में एक लोन वुल्फ आतंकवाद पैदा करने की इच्छा जताने के बाद ये दोष लगाया गया है।
अभियोग के मुताबिक पाकिस्तान के 28 वर्षीय मोहम्मद मसूद लाइसेंसधारी डॉक्टर थे जो एच-1बी वीज़ा के तहत रोचेस्टर, मिनेसोटा में एक मेडिकल क्लीनिक में एक रिसर्च कॉर्डिनेटर के तौर पर काम करता था। अमेरिका अटार्नी ऐरिका मैकडॉनल्ड ने बीते शुक्रवार को पाकिस्तानी डॉक्टर के खिलाफ अभियोग चलाया।
मसूद पर पहले अपराधी शिकायत की गई और 19 मार्च तक उसे कस्टडी में रखा गया। जनवरी से लेकर मार्च तक पाकिस्तानी डॉक्टर ने कई बयान दिए जिसमें उसने माना कि उसका आईएसआईएस के साथ उसका संबंध है और बताया कि वो आईएसआईएस की लड़ाई लड़ने के लिए सीरिया भी जाएगा।
हालांकि मसूद ने यह भी बताया कि वो अमेरिका में लोन वुल्फ आतंकवादी हमला करने की फिराक में था। 21 फरवरी 2020 को मसूद ने शिकागो से अम्मान (जॉर्डन की राजधानी) के लिए एक हवाई टिकट खरीदा, जहां से उसने सीरिया जाने की योजना बनाई थी।
16 मार्च को मसूद ने जॉर्डन जाने का अपना फैसला बदल लिया क्योंकि कोरोना वायरस की वजह से जॉर्डन ने अपनी सीमाएं बंद कर दी थी। बाद में उसने नई योजना बनाई जिसके तहत वो मिनियापोलिस से लॉस एंजेलिस जाता और वहां किसी शख्स से मिलता जो उसे कार्गो जहाज से आईएसआईएस के इलाके में पहुंचने पर मदद करता।
19 मार्च को मसूद रोचेस्टर से मिनियापोलिस सेंट पॉल इंटरनेशनल एयरपोर्ट गया जहां से उसने लॉस एंजिलिस के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद जैसे ही मसूद की चेकिंग होने लगी तो वहीं अमेरिका की एफबीआई की टेररिज्म टास्क फोर्स ने मसूद को गिरफ्तार कर लिया।