पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसे आठ साल पहले उसके पति ने मार दिया था। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि गिरफ्तार की गई महिला की मां ने आठ साल पहले कहा था और अपने दामाद को गिरफ्तार करवाकर जेल भिजवा दिया था।
गिरफ्तार की गई 30 साल की इस महिला का नाम आसमा बीबी है। जोकि नाम बदलकर झेलम में अपने गांव लौटी थी। उसने अपना नाम बदलकर नीलम रख लिया था। आपको बता दें कि इस महिला के साथ उसके दूसरे पति और 6 बच्चों को भी गिरफ्तार किया गया है।
आसमा के पहले पति के घरवालों ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। झेलम पुलिस ने बताया कि आसमा ने 2009 में इबरार अहमद से शादी की थी और 2010 में वह अचानक गायब हो गई।
आसमा की मां ने आरोप लगाया कि इबरार ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने इबरार को गिरफ्तार कर लिया और धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि आसमा की हत्या नहीं हुई थी बल्कि वह नजदीकी गांव के नजीर अहमद के साथ भाग गई और उसके साथ दूसरी शादी करके दुबई चली गयी। पिछले 8 सालों में उसने 6 बच्चों को जन्म दिया। आसमा अपने परिवार के साथ तब वापस आयी जब उसके दूसरे पति की दुबई में नौकरी छूट गई।
पुलिस ने बताया कि हमने आसमा और उसके दूसरे पति के खिलाफ सेक्शन 494 और 420 के तहत मामला दर्ज किया है, क्योंकि आसमा ने पहले पति से बिना तलाक लिए दूसरी शादी की। वहीं आसमा ने बताया कि उसके घर वालों ने इबरार से जबरदस्ती शादी की थी इसलिए उसने ये कदम उठाया। आसमा ने यह भी कहा कि वह अहमद से प्यार करती है और दुबई में ही स्थापित होने की कोशिश कर रही थी। उसे कोई पछतावा नहीं है। हालांकि 50 हजार के दो बांड भरवाने के बाद झेलम सिविल जज ने आसमा की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है।