भारत के खिलाफ विषवमन की एक नई कवायद के तहत पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि उड़ी में भारतीय सेना पर किया गया हमला भारत की अपनी ही सुनियोजित साजिश है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उड़ी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने का कोई सबूत नहीं मिला है और इससे साबित होता है कि भारत ने खुद ही सुनियोजित तरीके से यह हमला कराया है।
भारत नेउड़ी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के पुख्ता सबूत होने का दावा किया है और पाकिस्तान से आतंकवाद का समर्थन और निर्यात बंद करने को कहा है। उड़ी हमले में मारे गए एक आतंकी की पहचान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मुजफ्फराबाद के हाफिज के रूप में हुई है।
पाकिस्तानी मंत्री ने दावा किया कि अब पूरी दुनिया जान चुकी है कि भारत कश्मीर मसला सुलझाने के लिए पाकिस्तान जितना गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को बदनाम करने की साजिश का भारत को कहीं भी समर्थन नहीं मिला जबकि वहीं चीन पाकिस्तान के नजरिये से हमेशा सहमत रहा है।
अमेरिकी कांग्रेस में पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करने के प्रयास पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान विरोधी तत्व हर जगह हर देश में मौजूद हैं लेकिन उनके विरोध प्रदर्शन का असर उन देशों की नीतियों पर निर्भर करता है। हमारे खिलाफ 5 या 10 लोगों की आवाज पाकिस्तान को आतंकवादी राष्ट्र घोषित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हो सकती।