संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भारत के दावों को सही मानते हुए माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम कासकर के पाकिस्तान में छिपे होने पर अपनी मुहर लगा दी है। 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट के मास्टरमाइंड दाऊद के कराची के नूराबाद में स्थित उसके राजसी बंगले का जिक्र भी किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के इस कदम से पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मसार होना पड़ा है।
कराची के नूराबाद स्थित दाऊद के घर का जिक्र कर पाक को किया शर्मसार
दरअसल मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र ने आतंकियों और आतंकी संगठनों की एक संशोधित सूची जारी कि जिसमें लश्कर-ए-ताइबा के सरगना हाफिज सईद और दाऊद समेत पाकिस्तान के कुल 139 आतंकियों और आतंकी संगठनों के नाम शामिल हैं। इस तरह से पाकिस्तान का झूठ एक बार फिर सार्वजनिक हो गया है। इस सूची में उन आतंकियों के भी नाम हैं जो पाकिस्तान में रहते हुए अपनी गतिविधियों को अंजाम देते हैं।
आतंकियों की सूची में पाक के 139 आतंकी और आतंकी संगठन शामिल
आतंकियों की सूची में पहला नाम अलकायदा के अयमान अल जवाहिरी का है, जिसे ओसामा बिन लादेन का उत्तराधिकारी माना जाता है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक जवाहिरी अब भी अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में कहीं रह रहा है। सूची में जवाहिरी का साथ देने वाले कुछ अन्य आतंकियों के भी नाम शामिल हैं। सूची में दूसरा नाम रामजी मोहम्मद बिन शीबा का है, जो एक कुख्यात अंतरराष्ट्रीय आतंकी है और इसकी पहचान यमन के नागरिक के तौर पर की गई है।
शीबा को कराची में गिरफ्तार करने के बाद अमेरिका को सौंपा जा चुका है। सूची में एक दर्जन से ज्यादा उन आतंकियों के नाम हैं, जिन्हें पाकिस्तान में गिरफ्तार कर अमेरिका को सौंपा जा चुका है। उनमें से कुछ के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट था, जो मध्य पूर्व के देशों में स्थित विभिन्न पाकिस्तानी दूतावासों की ओर से जारी किए गए थे। इस तरह के पासपोर्ट का पाकिस्तान में नवीनीकरण भी किया गया था।
सूची में हाफिज सईद भी शामिल
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मुताबिक दाऊद के पास कई पाकिस्तानी पासपोर्ट हैं, जो रावलपिंडी और कराची से जारी किए गए हैं। यह भी कहा गया है कि दाऊद का कराची में नूराबाद के पहाड़ी क्षेत्र में राजसी ठाट-बाट वाला एक आलीशान बंगला भी है।
मुंबई में नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को भी आतंकी के तौर पर सूची में शामिल किया गया है। इंटरपोल को भी कई आतंकवादी वारदातों में शामिल होने की वजह से हाफिज की तलाश है। लश्कर के मीडिया प्रभारी और हाफिज के करीबियों अब्दुल सलाम और जफर इकबाल को भी इस सूची में शामिल किया गया है। इंटरपोल को इन दोनों की भी तलाश है।
सूची में ये पाकिस्तानी संगठन भी
पाकिस्तान स्थित जिन आतंकी संगठनों को इस सूची में शामिल किया गया है उनमें अल रशीद ट्रस्ट, हरकतुल मुजाहिदीन, इस्लामिक मूवमेंट ऑफ उज्बेकिस्तान, जैश-ए-मोहम्मद, रबिता ट्रस्ट, लश्क-ए-झांगवी, इस्लामिक जिहाद ग्रुप, हरकतुल जिहाद इस्लामी, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान सहित कई अन्य आतंकी संगठनों के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि लश्कर-ए-ताइबा पाकिस्तान में कई नामों जैसे कि अल-मंसूरियन, पासबान-ए-कश्मीर, पासबान-ए-अहले हदीथ, जमात-उद दावा और फला-ए-इंसानियत फाउंडेशन जैसे नामों से भी संचालित है।