मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार देर रात रिहा कर दिया। हाफिज जब लाहौर स्थित अपने घर में नजरबंदी से आजाद हुआ, तो उसने इसका जश्न केक काटकर मनाया। बता दें कि हाफिज जनवरी से ही अपने घर में नजरबंद था।
आजाद होने के तुरंत बाद ही हाफिज सईद ने ट्विटर हैंडल @jamatudDawaPak के जरिए एक वीडियो शेयर कर भारत को कश्मीर मुद्दे पर धमकी दी। उसने कहा है कि वह कश्मीर मुद्दे पर भारत से पीछे नहीं हटेगा बल्कि वह उसका डटकर सामना करेगा। मोस्ट वांटेड आतंकी ने इस दौरान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर भी निशाना साधा। सईद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ शांति प्रयासों के लिए शरीफ को हटाया जाना ही चाहिए था।
सईद बोला- नवाज शरीफ पूछते हैं कि उन्हें क्यों हटा दिया गया? मैं उनसे कहता हूं कि उन्हें हटा दिया गया क्योंकि उन्होंने मोदी के साथ दोस्ती विकसित करके पाकिस्तान के खिलाफ देशद्रोह का काम किया था।
EXCLUSIVE - #HafizSaeed's first video message after his release. #HafizSaeedWon https://t.co/sJ823jI8rD
— جماعۃ الدعوۃ پاکستان (@JamatUdDawaPak) 23 November 2017
उसने यह भी कहा कि वह पाक के लोगों को एकजुट करके कश्मीरियों को आजादी दिलाने में हरसंभव मदद करेगा। मालूम हो कि संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका द्वारा हाफिज सईद को आतंकी घोषित किया जा चुका है। इसके साथ ही जमात-उद-दावा और लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख सईद पर अमेरिकी सरकार ने एक करोड़ डॉलर (65 करोड़ रुपये) का ईनाम घोषित कर रखा है। पाकिस्तान सरकार ने उसे इस साल जनवरी में नजरबंद किया गया था, लेकिन बुधवार को अदालत ने उसे नजरबंदी से रिहा करने का आदेश दिया।
ये भी पढ़ेंः लश्कर सरगना हाफिज सईद ने बनाई नई पार्टी, बनना चाहता है पाकिस्तान का पीएम!
रिहाई पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका द्वारा आतंकी घोषित किए जा चुके सईद की रिहाई से यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान आतंकवाद का जहर फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कतई गंभीर नहीं है। प्रवक्ता ने इस बात से इनकार किया है कि अमेरिका का डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन पाकिस्तान से पैदा होने वाले आतंकवाद के खिलाफ नरम नीति अपना रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में भारत और अमेरिका के बीच कोई मतभेद नहीं है। दोनों देश इस वैश्विक बुराई को जड़ से खत्म करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। सईद की रिहाई से यह भी स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान आतंकियों को मुख्यधारा में शामिल करने की कोशिश कर रहा है।