पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हिंसा से ग्रस्त कश्मीर की ‘बिगड़ती स्थिति’ और इस मुद्दे पर आगामी कदम के लिए लाहौर के गवर्नर हाउस में शुक्रवार को विशेष कैबिनेट बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कैबिनेट भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से निर्दोष नागरिकों के खिलाफ दमनकारी कार्रवाई और हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद कश्मीर के समग्र स्थिति पर चर्चा करेगी।
शरीफ ने बुधवार को कहा कि क्रूरता और मानवाधिकार उल्लंघन के प्रयोग के जरिये कश्मीर के लोगों की ‘आवाज और संघर्ष’ को दबाया नहीं जा सकता। शरीफ ने पाक अधिकृत कश्मीर के विशेष संसद समिति के चेयरमैन और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फजल के अध्यक्ष मौलाना फजलुर रहमान के साथ लाहौर में मुलाकात की।
पीएमओ की ओर से जारी बयान में भारतीय सुरक्षा बलों की बढ़ते दमन और कश्मीर में तेजी से बिगड़ती मानवाधिकार की स्थिति पर पाकिस्तानी सरकार की चिंताओं व भारतीय उच्चायुक्त को बुलाकर दिए गए पीएम शरीफ के निर्देश का भी उल्लेख किया गया है।