पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि अगर अमेरिका इस बात का सुबूत दे कि पाक के भीतर आंतकवादी संगठन हक्कानी का नेटवर्क है तो वह उन्हें नष्ट करने के लिए संयुक्त अभियान चलाने को लिए तैयार है।
हाल ही में अमेरिका से लौटे आसिफ ने एक्सप्रेस न्यूज से कहा, ‘हमने अमेरिकी अधिकारियों को पाकिस्तान में हक्कानी नेटवर्क होने के सबूतों के साथ आने का निमंत्रण दिया है। यदि वह लक्षित क्षेत्रों में कोई गतिविधि (हक्कानी की) पाते हैं तो हमारी सेना अमेरिका के साथ मिलकर उन्हें हमेशा के लिए नष्ट कर देगी।’
ख्वाजा ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने हाल ही में अफगानिस्तान की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति अशरफ गनी से मुलाकात कर उन्हें भी इसी तरह की पेशकश की थी।
आसिफ ने दावा करते हुए कहा कि अगर ट्रंप प्रशासन ने हम पर और दबाव डालने की कोशिश की तो मित्र देश खासतौर पर चीन, रूस, ईरान और तुर्की हमारे पक्ष में खड़े होंगे। अमेरिकी रक्षा और विदेश मंत्री हम पर तानाशाही करते हैं, तो हम इससे इनकार कर देंगे। अब हम वो करेंगे जो हमारे देश के हित में होगा।