आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा प्रमुख
हाफिज सईद का पाकिस्तान में राजनीति करने का सपना साकार हो गया है।
पाकिस्तान की एक कोर्ट ने आतंकी हाफिज सईद को पार्टी बनाने की अनुमति दे दी है। इसके बाद वह अब चुनाव आयोग से अपनी पार्टी का रजिस्ट्रेशन करा सकेगा।
बता दें कि सईद काफी समय से पाकिस्तान में अपनी पार्टी बनाने की मांग कर रहा है। इसके लिए वह कई बार पाकिस्तानी चुनाव आयोग से भी मुलाकात कर चुका है। लेकिन कोर्ट ने पार्टी बनाने पर रोक लगा दी थी। लेकिन लाहौर हाईकोर्ट के जज आमिर फारूख से हरी झंडी मिलने के बाद अब मुंबई हमले के आतंकी का यह रास्ता साफ हो गया है।
बता दें कि इसी साल पाकिस्तान में आम चुनाव होने वाला है। जिससे अब हाफिज की पार्टी भी इन चुनावों में हिस्सा ले सकेगी। हाफिज ने अक्टूबर 2017 में मिल्ली मुस्लिम लीग (एमएमएल) के नाम से अपनी पार्टी का रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया था। लेकिन अमेरिका के दवाब के चलते पार्टी बनाने की अनुमति नहीं दी गई थी।
इसके बाद हाफिज सईद ने कहा था कि अमेरिका ने उसकी संस्था के खिलाफ षड्यंत्र रचा है। यही कारण है कि पाकिस्तानी सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। हाल ही में पेरिस में हुई वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) की बैठक में टेरर फंडिंग के मामले में पाकिस्तान को ग्रे लिस्ट में डाला गया था। बता दें कि इससे पहले एफएटीएफ ने पाकिस्तान को आतंक का दाग धोने के लिए तीन महीने का समय दिया था।