भारतीय वायुसेना द्वारा आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर की गई कार्रवाई को पाकिस्तान ने अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारत के कार्यकारी राजनयिक को बुलाया है।
पाक विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि 'करीब 2.54 बजे (स्थानीय समयानुसार) आठ भारतीय विमानों को पाकिस्तानी वायु सेना के जेट विमानों ने प्रभावी ढंग से रोक दिया गया और उन्हें वापस जाने के लिए मजबूर किया। भारतीय जेट विमानों ने बेतरतीबी से हथियार गिराए जो निर्जन स्थानों पर गिरे।'
इस बयान में कहा गया, 'कार्यकारी विदेश सचिव ने भारतीय कार्यकारी राजनयिक को बुलाया है और भारत द्वारा पाकिस्तान की क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन करने की कड़ी निंदा की है।' इसमें कहा गया कि पाकिस्तान भारत के बड़े आतंकी कैंप पर हमले व आतंकियों के मरने के दावे का खंडन करता है। भारत यह सिर्फ आने वाले चुनावों के लिए जनता को रिझाने के लिए कर रहा है।
कार्यकारी विदेश सचिव ने कहा कि भारत की आक्रामकता क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए खतरा है और पाकिस्तान इसका जवाब अपने हिसाब से जरूर देगा। इसके साथ ही उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के भारत के आरोप को भी खारिज किया।
बता दें कि पाकिस्तान के भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को हमले के मद्देनजर परामर्श के लिए नई दिल्ली बुलाया गया था।