आपको बजरंगी भाईजान फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी का रिपोर्टर वाला किरदार तो याद ही होगा। उनके किरदार का नाम था चांद नवाब। उन्होंने जिस पाकिस्तानी पत्रकार का किरदार निभाया था वह एक बार फिर अपनी रिपोर्टिंग को लेकर चर्चा में हैं। उनकी इस रिपोर्टिंग का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में वो कई बार रिपोर्टिंग के समय अपनी लाइनें भूलते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिसकी वजह से उन्हें रीटेक लेने पड़ रहे हैं।
1.46 मिनट का यह
वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है। उसमें दिख रहा है कि चांद नवाब अपनी रिपोर्टिंग पूरी नहीं कर पाते हैं। दरअसल वह कराची के पान से संबंधित रिपोर्टिंग कर रहे हैं। इस दौरान वह अपनी लाइनें भूल जाते हैं। जहां कई लोग काम के प्रति उनकी लग्न की सराहना कर रहे हैं वहीं कुछ लोग उनकी रिपोर्टिंग के इस अंदाज का लुत्फ उठाते हुए उन्हें कॉमेडियन पत्रकार बता रहे हैं।
बता दें कि
चांद नवाब पाकिस्तानी न्यूज चैनल के पत्रकार हैं और वह अपनी रिपोर्टिंग की वजह से कई बार सुर्खियां बटोर चुके हैं। इससे पहले रेलवे स्टेशन पर ईद के मौके पर की गई उनकी रिपोर्टिंग को लोगों ने बड़े ही चाव के साथ देखा था। उस वीडियो में वह रेलवे स्टेशन पर रिपोर्टिंग कर रहे थे और उस दौरान वहां से गुजर रहे लोग बार-बार कैमरे के बीच आ रहे थे जिससे उन्हें खासी परेशानी होती है। उस दौरान भी वह काफी लाइनें भूल जाते हैं जिसकी वजह से उन्होंने काफी रीटेक लिए थे।