पाक ने किया भारतीय मछुआरों को रिहा
पाकिस्तान ने होली से पहले रविवार को और 86 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया। इन मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस महीने पाक ने सद्भावना के तौर पर दूसरी बार भारतीय मछुआरों को रिहा किया है।
कराची के मालिर जेल के अधीक्षक राजा मुमताज ने बताया कि मालिर जेल से 86 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया गया है, जिनको ट्रेन से लाहौर पहुंचाया जाएगा और वाघा बॉर्डर पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ईदी ट्रस्ट ने इन मछुआरों को लाहौर पहुंचाने के लिए व्यवस्था की है, जो विदाई के समय उपहार और नकद धनराशि भी देगा। इस महीने में यह दूसरी बार है, जब पाक सरकार ने सद्भावना के तौर पर भारतीय मछुआरों को रिहा किया है।
इससे पहले छह मार्च को पाक ने 86 भारतीय मछुआरों और एक अन्य नागरिक को रिहा किया था। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि पाक की जेलों में अब भी करीब 363 भारतीय मछुआरे सड़ रहे हैं।