पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ रविवार रात को बाल बाल उस समय बच गए, जब एक कार उनके काफिले में जबरन जा घुसी। शरीफ की कार से यह संदिग्ध कार टकरा गई। यह हमला उस वक्त हुआ, जब शरीफ का काफिला मुर्रे से इस्लामाबाद लौट रहा था। शरीफ उस वक्त अपने परिवार के साथ थे।
जियो न्यूज की खबर के हवाले से कहा गया है कि पीएम की सुरक्षा में लगे एजेंसियां फौरन हरकत में आ गईं और उन्होंने कार और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। फिलहाल शरीफ और उनका परिवार सुरक्षित है। हाल ही में लश्कर-ए-झांगवी के शीर्ष आतंकी मलिक इशहाक की पुलिस बलों के साथ मुठभेड़ में हुई मौत के बाद से पाक में आतंकी हमलों को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौके पर बम निरोधक दस्ता भी पहुंच गया, जिसने यह जांच की कि कार में कहीं विस्फोटक तो नहीं था। रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम शरीफ और उनकी पत्नी कुलसूम व बेटी मरियम इस्लामाबाद स्थित पीएम आवास पर सुरक्षित पहुंच गए हैं। रेडियो पाकिस्तान वेबसाइट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध कार की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। कार को सड़क के किनारे लाया गया और ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
जांच में यह खुलासा हुआ है कि कार का ड्राइवर पाक नौसेना का एक रिटायर्ड कमोडोर है और अपने परिवार के साथ जा रहा था। खबरों के मुताबिक ड्राइवर को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पाक में आतंकवादियों के खिलाफ सेना का अभियान चल रहा है, जिससे सरकार और सेना आतंकी संगठनों के निशाने पर आई गई हैं।