पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भारतीय सेना द्वारा आतंकवादी शिविरों पर तोप से गोले दागने के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने रविवार को भारतीय उप उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया को तलब किया।
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की हरकतों का जवाब देते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के अंदर स्थित आतंकवादी शिविरों पर हमले शुरू किए हैं। भारतीय सेना की यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा आतंकवादियों को भारतीय सीमा क्षेत्र में घुसपैठ कराने की कोशिश के बाद की जा रही है।
वहीं भारतीय सेना ने आतंकी कैंपों को निशाना बनाने के लिए आर्टिलरी गन का इस्तेमाल किया है। भारतीय सेना ने यह कार्रवाई तंगधार सेक्टर में पाक द्वारा संघर्षविराम उल्लंघन कर आतंकियों को घुसपैठ कराने की नापाक कोशिश के बाद उठाया गया है। जिसमें कई आतंकवादियों के मारे जाने की भी सूचना मिल रही है।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर स्थित नीलम घाटी इलाके में भारतीय सेना ने आतंकियों के चार आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया और नष्ट कर दिया। बताया जा रहा कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में पाकिस्तान को काफी नुकसान हुआ है। पाकिस्तान के 4-5 सैनिक मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं।