पाकिस्तान की सामाजिक और आर्थिक दिक्कतों के बावजूद इसका फैशन उद्योग अपने पूरे शबाब पर है। एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान का फैशन बाजार अब अरबों डॉलर का हो गया है और वह ब्रिटेन जैसे देशों को डिजाइन निर्यात कर इस सफलता को भुनाना चाहता है।
इसीलिए पाकिस्तान फैशन वीक लंदन में आयोजित किया जा रहा है। फैशन डिजाइनर हनी वकार कहती हैं, "जाहिरा तौर पर यहां बहुत बड़ा बाज़ार मौजूद है। मैं कहूंगी कि करोड़ों का बाज़ार है। इसलिए यह डिजाइनरों के लिए अच्छा मौका है कि वे आएं और पाकिस्तान की एक नर्म तस्वीर सामने रखें।"
पाकिस्तानी डिजाइनर धीरे-धीरे ब्रिटेन के बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं। कई एशियाई बुटीक लंदन, बर्मिंघम और मैनेचेस्टर में अपना काम शुरू कर रहे हैं।