पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए आम चुनावों के नतीजे चौंकाने वाले आ रहे हैं। इमरान खान की लहर में कई दिग्गज ढेर हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीटीआई के प्रत्याशी सदाकत अली अब्बासी ने नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन के उम्मीदवार और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी को एनए 57 रावलपिंडी सीट से हरा दिया है। पीटीआई के सदाकत को 97,104 वोट मिले हैं तो वहीं शाहिद खाकान अब्बासी को 91,381 वोट मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि 272 संसदीय सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) रुझानों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। अभी तक आए रुझानों में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) 115 सीटों पर आगे चल रही है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान चुनाव परिणाम Live: पीएम की कुर्सी के करीब इमरान खान, लेकिन बहुमत से अभी भी दूर
वहीं नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन 64 सीटों पर आगे है तो पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) 38 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा 55 सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। कुल 272 सीटों में 267 सीटों के रुझान अबतक सामने आए हैं। PML(N) के शहबाज शरीफ, PPP के बिलावल भुट्टो, MMA के फजल उर रहमान, जमात ए इस्लामी के सिराज उल हक अपनी-अपनी सीट पर चुनाव हार गए हैं।