पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और लगातार कश्मीर राग अलाप रहा है। एक बार फिर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका और अन्य देशों के सामने कश्मीर का रोना रोया है और कहा है कि भारत उससे बातचीत के लिए तैयार नहीं हो रहा है। पाकिस्तान के अखबार द नेशन की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान भारत के साथ लगातार द्विपक्षीय वार्ता करने की कोशिश कर रहा है। यूएन, अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों में पाक के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि भारत की तरफ से ही दोनों देशों की बीच संबंध बहाल करने की कोशिशों पर परदा डाला जा रहा है।
इससे पहले पाकिस्तान ने भारत को कश्मीर मसले बातचीत के लिए आमंत्रित किया था, इस पर भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर ने पाक को दो टूक कहा था कि कश्मीर पर नहीं, आतंकवाद और अन्य सुरक्षा के मसलों पर बात होगी।
पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र के अध्यक्ष बान की मून ने भी कश्मीर मसले पर दिलचस्पी ली थी और दोनों देशों को बातचीत के जरिए हल निकालने की नसीहत दी थी। पाकिस्तान ने अपनी बात को पुख्ता दिखाने के लिए इन तमाम देशों के सामने उसके द्वारा भेजे गए पत्रों और नेताओं के जुबानी भाषणों को रखा है।
पाकिस्तान लगातार यून, अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के सामने यही बात मनवाने की कोशिश कर रहा है कि वह तो भारत के साथ संबंध बहाल करने की हर संभव कोशिश कर रहा है, लेकिन भारत ही तैयार नहीं हो रहा है। पाक का यह भी दावा कर रहा है कि तमाम देशों ने उसे हरसंभव मदद का वादा किया है।