पाकिस्तान के एक बच्चे को मेडिकल वीजा देने के महज दो दिन बाद ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने एक अन्य पाकिस्तानी व्यक्ति को मेडिकल वीजा देने का आश्वासन दिया है।
सईद अयूब नामक पाकिस्तानी व्यक्ति ने ट्विटर पर लिखा ‘मैंने भारत से अपने पिता के लिवर ट्रांसप्लांट के लिए अपनी संपत्ति का आधा हिस्सा बेच दिया और हमारे लिए कोई मेडिकल वीजा नहीं है। क्यों केवल आम आदमी को ही भुगतना पड़ता है।’
सोशल मीडिया पर हमेशा लोगों की मदद के लिए आगे रहने वाली केंद्रीय मंत्री स्वराज ने कहा कि उनकी सहानुभूति उसके साथ है। स्वराज ने कहा ‘हम आपको वीजा देंगे, सरताज अजीज साहब को आपके मामले की सिफारिश करनी चाहिए।’
दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने पिछले दिनों कहा था कि केवल पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज द्वारा जारी सिफारिश पत्र ही पाकिस्तानी नागरिक को भारत में मेडिकल वीजा दिलाने में सक्षम बनाएगा।