पाकिस्तान ने कथित भारतीय जासूस कुलभूषण जाधव मामले में इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (आईसीजे) में जल्द सुनवाई की मांग की है।
जाधव को पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत की ओर से फांसी की सजा सुनाई गई है। पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से कहा है पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने आईसीजे को मामले में जल्द सुनवाई के लिए पत्र लिखा है। जल्द सुनवाई की अपील नवंबर में आईसीजे के जज का चुनाव को ध्यान में रखकर की गई है।
एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि आईसीजे अक्टूबर में मामले की सुनवाई कर सकता है जबकि पाकिस्तान की ओर से छह हफ्तों के भीतर सुनवाई के लिए अपील की गई है। वहीं इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने आईसीजे में पुनर्विचार याचिका दायर की है। इस याचिका में पाकिस्तान ने कोर्ट से छह हफ्ते में सुनवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि कुलभूषण जाधव मामले में अंतरराष्ट्रीय अदालत में मुंह की खाने के बाद विपक्ष और विशेषज्ञों ने हार का ठीकरा पाकिस्तान के वकीलों पर फोड़ा था। इसको लेकर आईसीजे में पैरवी करने वाले पाकिस्तान के वकीलों की चौतरफा आलोचना हुई थी। लेकिन अब पाकिस्तान एक बार फिर मजबूती के साथ अटार्नी जनरल अशरफ अउसफ अली की अगुवाई में आईसीजे में जाधव मामले की पैरवी करने की तैयारी में है।
बता दें कि सुनवाई के बाद कोर्ट ने आदेश दिया था कि पाकिस्तान आईसीजे के आदेश आने तक जाधव की फांसी की सजा पर रोक जारी रखे।