नवाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान को जल्द ही अल्पसंख्यकों के अनुकूल देश के तौर पर देखा जाएगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बुधवार को पंजाब प्रांत में स्थित ऐतिहासिक कटासराज मंदिर का दौरा किया। शरीफ ने इस दौरान मंदिर के पुनरुद्धार का भी आदेश दिया।
मुस्लिम बाहुल्य देश पाकिस्तान में कटास राज मंदिर हिंदुओं का बेहद पवित्र मंदिर है। नवाज शरीफ ने कहा कि वह दिन दूर नही जब पाकिस्तान को अल्पसंख्यकों के लिए उदार देश के रूप में जाना जाएगा। इसके लिए अल्पसंख्यकों की जीवनशैली में सुधार की कोशिशें की जाएंगी।
शरीफ ने सरकारी अधिकारियों को हिंदुओं के मंदिरों व पवित्र स्थलों के पुनरुद्धार और उनकी सुरक्षा के आदेश दिए। नवाज ने कहा कि वह सिर्फ मुस्लिमों के नही बल्कि सभी धर्मों के लोगों के प्रधानमंत्री हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अल्पसंख्यक तीर्थयात्रियों की मेजबानी, उनकी सुरक्षा और उनके पूजा स्थलों के विस्तार के प्रयास में कोई कसर न छोड़ें। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु नानक और गांधार विश्वविद्यालय के निर्माण को भी उनका पूरा समर्थन है। शरीफ ने इस मौके पर मंदिर परिसर में पौधा लगाया।