मुंबई पर हुए 26/11 आतंकी हमले के ऑपरेशन कमांडर रहे जकीउर रहमान लखवी के मुद्दे पर पाक एक बार फिर पलट गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके समकक्ष नवाज शरीफ के बीच रूस में हुए बातचीत के दौरान शरीफ ने लखवी मामले में ठोस मदद करने की बात कही थी।
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए साफतौर पर भारत की मदद से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा हम तबतक भारत की मदद नहीं कर सकते जबतक लखवी के मामले में शरीफ सरकार को और सबूत मुहैया न करा दिए जाए।
इसके अलावा उन्होंने एक बार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दोनों देशों के एजेंडे में बिना कश्मीर मुद्दे के भारत से बातचीत करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। अजीज पिछले दिनों रूस में संपन्न हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ के बीच हुए बातचीत को लेकर पत्रकारों से रू-ब-रू हुए थे।