पाकिस्तान में 25 जुलाई को होने वाले आम चुनावों में पीएमएल-एन पार्टी के प्रमुख प्रत्याशी को छह साल पुराने एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई। भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद नवाज शरीफ के लिए यह एक और बड़ा झटका है।
पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेता हनीफ अब्बासी को रावलपिंडी की मादक पदार्थ नियंत्रण अदालत ने नियंत्रित रसायन इफेड्रिन के गलत इस्तेमाल से संबंधित मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
इसके बाद उन्हें गिरफ्तार करके अदियाला जेल जाया गया। हालांकि अदालत ने सात अन्य अभियुक्तों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
अब्बासी, आवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख शेख राशिद के खिलाफ रावलपिंडी से चुनाव लड़ रहे थे। उनके दोषी ठहराए जाने के बाद राशिद की जीत तय मानी जा रही है क्योंकि पीएमएन-एन का वहां पर कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं है।
वहीं राशिद खुद अपने चुनावी भाषणों में लगातार कह रहे थे कि अब्बासी को अयोग्य ठहरा दिया जाएगा। सजा पर राशिद ने कहा कि अब्बासी नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल थे और उन्हें इस फैसले का सामना करना चाहिए।