पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह जनरल परवेज मुशर्रफ ने 23 राजनीतिक दलों का एक महागठबंधन बनाने की घोषणा की है। 74 वर्षीय मुशर्रफ पाकिस्तानी अवामी इत्तेहाद (पीएआई) नामक इस महागठबंधन के अध्यक्ष होंगे जबकि इकबाल डार को इसका महासचिव नियुक्त किया गया है।
पढ़ें: पूर्व पाक पीएम बेनजीर भुट्टो हत्याकांड में दो पुलिसवालों को 17 साल की सजा, मुशर्रफ भगोड़ा घोषित
खुद को अध्यक्ष बनाने के लिए गठबंधन को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा है कि वे जल्दी ही पाकिस्तान लौटेंगे। दुबई से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ ने कहा कि मुहाजिरों की नुमाइंदगी करने वाली सभी पार्टियों को एकजुट हो जाना चाहिए।
उन्होंने मुहाजिरों की पार्टी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) और उसकी विरोधी पाक सरजमीन पार्टी को भी इस नए राजनीतिक गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा है कि इसमें शामिल सभी पार्टियां एक नाम और बैनर तले चुनाव लड़ेंगी।
पढ़ें: मुशर्रफ ने कबूला पाक में ही है दाऊद, कहा- हम क्यों करें भारत की मदद
मुशर्रफ ने उन रिपोर्टों का खंडन किया कि वे एमक्यूएम का प्रमुख बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह सोचना ही हास्यास्पद है कि वे एक छोटी सी जातीय पार्टी की कमान संभालना चाहते हैं। एमक्यूएम-पाकिस्तान की ताकत पहले के मुकाबले आधी रह गई है।
वे इस पार्टी की आंतरिक समस्याओं को लेकर चिंतित हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उस पार्टी का मुखिया बनने की इच्छा रखते हैं। एमक्यूएम की आलोचना करते हुए मुशर्रफ ने कहा कि यह पार्टी मुहाजिरों का सम्मान खो चुकी है। एमक्यूएम को छोड़कर पीएआई में शामिल होना मुहाजिर समुदाय के हित में होगा।