मस्जिद के सामने जैश-ए-मोहम्मद जमा कर रहा चंदा।
- फोटो : the indian express
पाकिस्तान के कराची से एक ऐसी वीडियो सामने आ रहा है, जिससे पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद की तरफ से भारत के खिलाफ रची जा रही एक और साजिश का पर्दाफाश हुआ है। कराची की एक मस्जिद के सामने जैश-ए-मोहम्मद की तरफ से चंदा जमा किया जा रहा है। यह चंदा भारत और अफगानिस्तान में लड़ने के लिए जिहादियों को भेजने के मकसद से जमा किया जा रहा है।
द इंडियन एक्सप्रेस को मिला यह वीडियो शुक्रवार रात और शनिवार को बनाया गया है। आप को बता दें कि पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद पर प्रतिबंध है, उसके बावजूद कराची में इस तरह की गतिविधियां होना पाकिस्तान पर कई सवाल खड़े करता है। साथ ही पाकिस्तान के उन दावों को भी खारिज करता है कि वह जैश-ए-मोहम्मद को किसी भी प्रकार की मदद नहीं देता है।
यह मस्जिद कराची के जैकब लाइन्स एरिया में स्थित है। चंदा ले रहे लोग मस्जिद के बाहर एक चादर फैलाकर खड़े हैं और आवाज लगा रहे हैं कि सभी लोग चंदा दें। इस चंदे का इस्तेमाल भारत और अफगानिस्तान में जिहादियों को भेजने में किया जाएगा, ताकि भारत और अफगानिस्तान से लड़ाई की जा सके।