पाकिस्तान में क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान ने नवाज शरीफ पर हमला बोला है। उन्होंने एक ट्वीट करके कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाषा बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ आज के मीर जाफर हैं, जिन्होंने अंग्रेजों के साथ व्यक्तिगत लाभ के लिए अपने देश को गुलाम बनाने के लिए सहयोग किया। उन्होंने कहा कि नवाज पाक के खिलाफ मोदी की भाषा बोल रहे हैं। जबकि वह ऐसा विदेशों में अपने बेटों की कंपनियों में लगे 300 अरब रुपये को बचाने के लिए कर रहे हैं।
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पहली बार स्वीकार किया है कि करीब दस साल पहले मुंबई में हुए सबसे बड़े आतंकी हमले में उनके देश के आतंकवादियों का ही हाथ था। भ्रष्टाचार के मामले में सत्ता से बेदखल किए जा चुके शरीफ की यह स्वीकारोक्ति पाकिस्तान के मुंह पर करारा तमाचा है, जो इस हमले में अपनी भूमिका को सिरे से खारिज करता रहा है। भारत द्वारा एक के बाद एक कई डोजियर और पुख्ता प्रमाण देने के बाद भी पाक सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया।
शुक्रवार को मुल्तान में रैली से पहले डॉन अखबार को दिए गए एक इंटरव्यू में अपने देश की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए शरीफ ने कहा कि यहां अब भी आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं।
आप उन्हें नॉन स्टेट एक्टर का नाम दे सकते हैं लेकिन क्या उन्हें सीमा पार कर मुंबई में 150 लोगों की हत्या की इजाजत देनी चाहिए। मालूम हो कि 26 नवंबर, 2008 को लश्कर-ए-ताइबा के 10 आतंकियों ने मुंबई पर हमला कर दिया था जिसमें 166 लोग मारे गए थे। उनमें से एक अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया था जिसे मौत की सजा के बाद फांसी पर लटका दिया गया।