भारत द्वारा लगातार अपनाए जा रहे ठोस रवैये के बाद पाकिस्तान पर पड़ रहे अंतरराष्ट्रीय दबाव से पाक हुक्मरानों ने अपने सुरों की तल्खी कुछ हल्की की है। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि इस्लामाबाद और नई दिल्ली के बीच दोस्ताना संबंध होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम अपने अच्छे संबंध बरकरार रखेंगे और एक-दूसरे के खिलाफ साजिश करने से बचेंगे।
प्रसिद्ध पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक नवाज शरीफ ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच दोस्ताना और अच्छे संबंध होने चाहिए और उन्हें एक दूसरे के खिलाफ साजिशें रचने से बचना चाहिए।
उन्होंने अपने साथ तुर्की दौरे पर गए संवाददाताओं से कहा कि पाकिस्तान में चुनावी अभियान के दौरान भी उनकी पार्टी ने ‘भारत पर निशाना साधने’ की नीति नहीं अपनाई और इस नकारात्मक परंपरा को खत्म कर दिया है।