पाकिस्तान का लाहौर शहर बृहस्पतिवार को आतंकी बम धमाके से दहल गया। शहर के पॉश डिफेंस इलाके में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए। पाकिस्तान के इस शहर में माह की यह दूसरी घटना है। आतंकियों ने इलाके के दो रेस्तरां को निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें से एक भारतीय व्यंजन परोसता है। यह विस्फोट लाहौर में रक्षा आवासीय प्राधिकरण के जेड ब्लॉक में दोपहर से कुछ पहले हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में 10 लोग मारे गए है, जबकि 35 लोग घायल हुए हैं। बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक विशेषज्ञ विस्फोट स्थल से सुबूत एकत्र कर रहे हैं।
पाक पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री ख्वाजा सलमान रफीक ने बताया कि हमले में घायल चार लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पंजाब पुलिस के प्रवक्ता नियाब हैदर ने बताया कि ऐसा लगता है कि विस्फोट के लिए उपकरण लगाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसमें 8-10 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान शुरू किया गया है। विस्फोट से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।