चीन ने पाकिस्तान से कहा है कि वह जमात-उद-दावा (जेयूडी) के प्रमुख हाफिज सईद को किसी पश्चिमी एशिया देश में स्थानांतरित कर दे। यह सलाह इसलिए दी गई है क्योंकि आतंकी और उसके आतंकी संगठन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाया जा रहा है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यह सुझाव पाक को दिया है।
चीनी राष्ट्रपति ने पिछले महीने चीन में हुए बोआओ फोरम में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री
शाहिद खक्कान अब्बासी को सुझाव दिया है कि वह सईद को किसी पश्चिमी एशिया देश में चुपचाप रहने के लिए कह दें। अब्बासी के एक करीबी ने बताया, '35 मिनट की बैठक में लगभग 10 मिनट सईद के मुददे पर बातचीत हुई। चीनी राष्ट्रपति ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष से कहा कि वह सईद को चर्चा से दूर रखने का जल्द से जल्द कोई रास्ता निकालें।'
अब्बासी ने सरकार की कानूनी टीम से इस मसले पर परामर्श लिया है। जिसका अभी समाधान आना बाकी है। अपेक्षा की जा रही है कि इस मामले पर अगली सरकार कोई फैसला लेगी क्योंकि प्रधानमंत्री अब्बासी का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा है। पाकिस्तान में जुलाई के आखिर में आम चुनाव होने हैं। जेयूडी ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह भारत और अमेरिका के कहने पर सईद के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
मंगलवार को कराची में सईद ने इफ्तार के मौके पर कुछ पत्रकारों से बात की। वह यह मानने को तैयार नहीं है कि चीन उसपर प्रतिबंध लगाने या उसे देश से बाहर भेजना चाहता है। हालांकि उसने यह माना कि चीन एक सुपर पावर के तौर पर काम करने के साथ ही पाक पर तानाशाही कर रहा है। उसने इस बात से साफ इंकार कर दिया कि किसी सरकारी अधिकारी ने उससे हालिया हफ्तों में जेयूडी के भविष्य को लेकर बातचीत की है।
हाफिज सईद को संयुक्त राष्ट्र ने एक वैश्विक आंतकवादी घोषित कर रखा है। अमेरिका और भारत ने उसके सिर पर 5 मिलियिन डॉलर का ईनाम रखा हुआ है। यह ईनाम मुंबई में हुए आंतकी हमले में उसकी कथित भागीदारी की वजह से रखा गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने पिछले साल उसे लगभग 9 महीनों तक घर में नजरंबद किया हुआ था लेकिन लाहौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद मजबूरी में उसे रिहा कर दिया।
चीन का कहना है कि शी जिनपिंग द्वारा पाकिस्तान को हाफिज सईद को स्थानांतरण करने की सलाह देना चौंकाने वाली और आधारहीन बात है। चीनी अधिकारी ने इस खबर को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि हम केवल यही कहना चाहते हैं कि यह एक आधारहीन बात है।