न्यूयॉर्क और लंदन में बम धमाकों की योजना बनाने के आरोपी मोस्टवांटेड अल कायदा के एक शीर्ष कमांडर अदनान अल शुक्रीजुमा को पाकिस्तान में मार गिराया गया है।
पाकिस्तानी सेना ने इसकी पुष्टि की है। सेना के मुताबिक वे उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में अफगान सीमा के नजदीक सैन्य अभियान में मारे गए। पाकिस्तानी सेना के मुताबिक दक्षिणी वजीरिस्तान के शिनवर्साक इलाके में चले सैन्य अभियान में शुक्रीजुमा के साथ दो और चरमपंथी भी मारे गए हैं।
अभियान में एक सैनिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। अमरीकी जांच एजेंसी एफबीआई के मुताबिक अदनान अल शुक्रीजुमा अल कायदा के वैश्विक अभियानों के मुखिया थे।
9/11 हमलों के मास्टरमाइंड खालिद शेख कभी इस पद पर हुआ करते थे। शुक्रीजुमा का जन्म सऊदी अरब में हुआ था और वे कई साल तक अमरीका में रहे थे।
उन पर पनामा, नार्वे और ब्रिटेन पर हमलों में शामिल होने का भी शक है। अमरीका में उन पर 2009 में सब वे में हमलों की योजना बनाने के आरोप हैं।