सिख लड़की का जबरन कराया गया धर्म परिवर्तन
- फोटो : ANI
पाकिस्तान में मुस्लिम युवक के साथ शादी से पहले एक सिख युवती को कथित तौर पर अगवा कर धर्मपरिवर्तन किया गया था। जगजीत कौर नाम की इस युवती ने शनिवार को अपने घर जाने से खुद ही इनकार कर दिया है। घटना यहां के पंजाब प्रांत की है। उसने प्रांत के गवर्नर से कहा कि उसकी जान को खतरा है।
पंजाब के गवर्नर चौधरी मोहम्मद सरवार ने कौर से लाहौर के आश्रय गृह में मुलाकात की और उसे परिवार के पास वापस लौटने को कहा। लोकिन कौर ने इनकार करते हुए कहा कि उसके जीवन को खतरा है। उसके पिता गरुद्वारे में ग्रंथी हैं। कौर ने शुक्रवार को अदालत में कहा था कि उसने अपने ही इलाके में रहने वाले मोहम्मद हसन से अपनी मर्जी से शादी की है। जिसके बाद अदालत ने उसे आश्रय गृह भेज दिया था।
उसके परिवार का कहना है कि बंदूक की नोंक पर उसका धर्मपरिवर्तन कर मुस्लिम लड़के से शादी कराई गई है। वो केवल 18 साल की है। जगजीत कौर का घर लाहौर से 80 किमी दूर ननकाना साहिब में है। उसने गवर्नर से कहा कि उसने मोहम्मद हसन से अपनी मर्जी से शादी की है और उससे प्यार करती है। उसने कहा कि अगर वह अपने परिवार के पास जाती है तो उसे अपने जीवन पर खतरा है।
पुलिस ने इससे पहले गुरुवार को छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और एक को गिरफ्तार भी किया था। जो मोहम्मद हसन का दोस्त है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। फिर शनिवार को पुलिस ने दस और लोगों को हिरासत में लिया। जिसमें हसन के परिवार वाले और दोस्त शामिल हैं।
वहीं सिख समुदाय इस घटना से काफी नाराज है। सिख धर्म के संस्थापक गुरुनानक देव के जन्म स्थान ननकाना साहिब के किसी भी गुरुद्वारे में मुस्लिम समुदाय के प्रवेश करने पर पाबंदी लगा दी गई है। यह पाबंदी इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने और युवती की घर वापसी होने तक जारी रहेगी।
उधर, ननकाना साहिब के जिला पुलिस अधिकारी ने आईजी पुलिस पंजाब को भेजे मेमोरेंडम में सारे घटनाक्रम और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए सिखों के उपद्रव करने की संभावना जताई है। हालांकि पाकिस्तान की गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के महासचिव अमीर सिंह का दावा है कि ननकाना साहिब में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।