सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक की तरह ही भारतीय सेना द्वारा तोपों से पीओके में आतंकियों के लॉन्च पैड ध्वस्त करने की बात को स्वीकार करने से पाकिस्तान फिर मुंह फेर रहा है। पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने कहा, पाक भारतीय मीडिया के उन रिपोर्टों को खारिज करता है, जिसमें कहा गया है कि एलओसी के पास पीओके में आतंकियों के लॉन्च पैड तबाह कर दिए गए।
भारत-पाकिस्तान अंतराष्ट्रीय सीमा पर तनाव जारी है। करीब एक माह से पाकिस्तान गोलाबारी कर सैन्य पोस्टों सहित रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। रविवार को हीरानगर सेक्टर के सीमावर्ती मनियारी गांव के लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
वहीं, केंद्र सरकार से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चे धमाकों की आवाज से सिहर उठते हैं। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार से सुरक्षित स्थान पर पांच-पांच मरले के प्लाट देने की गुहार लगाई है।