पाकिस्तान में हाल ही में आई बाढ़ ने जबरदस्त तबाही मचाई। देश में कृषि भूमि, शहरी क्षेत्र में तबाही के साथ-साथ मवेशियों के मारे जाने की वजह से अर्थव्यवस्था को बड़े नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है। इस बीच पाकिस्तान के मंत्री ने कहा है कि देश को बारिश और बाढ़ की वजह से 40 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है। पिछले हफ्ते ही संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने पाकिस्तान दौरे पर अंदाजा लगाया था कि उसे बाढ़ से करीब 30 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में सोमवार को ही राष्ट्रीय बाढ़ प्रतिक्रिया सहयोग केंद्र (एनएफआरसीसी) की बैठक हुई थी। इसमें वित्त मंत्रालय ने बाढ़ से हुए आर्थिक नुकसान पर रिपोर्ट रखी। वित्त मंत्रालय का कहना है कि शुरुआती जांच में ही देश में 18 अरब डॉलर से ज्यादा नुकसान का अनुमान लगा लिया गया है।
एनएफआरसीसी के अध्यक्ष और पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने कहा, "भारी बारिश और बाढ़ से जिस तरह की स्थिति बनी है, उससे नुकसान 40 अरब डॉलर से ज्यादा का हुआ है।" उन्होंने कहा, "हम बाढ़ से आई तबाही की समीक्षा के लिए विश्व बैंक, एशियन डेवलपमेंट बैंक और प्रांतीय-संघीय सरकार की सहायता लेंगे।"
प्रारंभिक मूल्यांकन रिपोर्ट बनाने में शामिल वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, अगर घाटा बढ़कर 40 अरब डॉलर हो जाता है, तो इसका मतलब है कि इस साल पाकिस्तान की आर्थिक वृद्धि नकारात्मक हो सकती है। साथ ही आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं की वजह से मुद्रास्फीति 30 प्रतिशत को पार कर सकती है। पाकिस्तान में बाढ़ से 3.3 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें तत्काल सहायता की जरूरत है।