पाकिस्तान के पेशावर में पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की एक महिला नेता का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। जिस महिला नेता का अपहरण किया गया है, उनकी पहचान सनम जावेद के रूप में हुई है, जो पीटीआई की सोशल मीडिया टीम की सदस्य बताई जा रही हैं। पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10.40 बजे पेशावर के रेड जोन इलाके में एक व्यस्त सड़क पर पांच लोगों ने कथित तौर पर पीटीआई नेता सनम जावेद को रोका। इसके बाद आरोपी सनम जावेद को जबरन अपनी कार में बिठाकर ले गए।
पेशावर की कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
सनम जावेद के दोस्त की शिकायत के आधार पर मंगलवार को पेशावर के पूर्वी छावनी पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। पीटीआई ने इस घटना को कानून-व्यवस्था का गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि इस तरह की हरकत शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने मामले की तत्काल जांच और कथित अपहरण में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने दावा किया कि दो वाहनों ने जावेद की कार को रोका और उनके साथियों के सामने गाड़ी से बाहर घसीटा और जबरन अपनी कार में बिठाकर तेजी से भाग गए। जावेद की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए, अकरम ने कहा कि ऐसी घटनाएं पीटीआई नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान करने के लिए चलाए जा रहे एक अभियान का हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें-
Israel: गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से इस्राइल को 21 अरब डॉलर की सैन्य मदद दे चुका अमेरिका, रिपोर्ट में खुलासा
खैबर पख्तूनख्वा की पीटीआई सरकार पर लगे आरोप
पीटीआई के नेताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया पर कथित अपहरण के बारे में खैबर पख्तूनख्वा की पीटीआई सरकार पर ही सवाल उठाए। कई लोगों ने मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने की मांग की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सनम जावेद को बचाया जाए और जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।