बांग्लादेश के थलसेना प्रमुख से मिले एडमिरल नवीन अशरफ
पाकिस्तान के नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीन अशरफ रविवार को बांग्लादेश पहुंचे, जहां उन्होंने बांग्लादेश के थलसेना प्रमुख जनरल वाकर-उज-जमान और अपने समकक्ष एडमिरल एम. नज़मुल हसन से मुलाकात की। यह दौरा दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बांग्लादेश के रक्षा मंत्रालय की मीडिया इकाई आईएसपीआर (आईएसपीआर) के अनुसार, बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग, सैन्य क्षमताओं में वृद्धि और प्रशिक्षण, सेमिनार एवं पारस्परिक दौरों के जरिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
एडमिरल अशरफ का यह चार दिवसीय दौरा ऐसे समय हो रहा है जब पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज पीएनएस सैफ (PNS SAIF) बांग्लादेश के प्रमुख बंदरगाह चटगांव पर एक चार दिवसीय सद्भावना यात्रा के लिए लंगर डाले हुए है।
रक्षा संबंध को समबूत करने की कोशिश
मामले में पाकिस्तान नौसेना ने बयान में कहा कि यह दौरा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को मजबूत करने और समुद्री सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ढाका पहुंचने पर बांग्लादेशी नौसेना प्रमुख ने अशरफ का स्वागत किया। इस दौरान बांग्लादेश नौसेना के एक दस्ते ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एडमिरल अशरफ ने 1971 के मुक्ति संग्राम में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और ढाका कैंटोनमेंट स्थित ‘शिखा अनिर्बाण’ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बैठक में दोनों नौसेना प्रमुखों के अलावा पाकिस्तानी नौसेना प्रतिनिधिमंडल, पाकिस्तान के उच्चायुक्त और बांग्लादेश नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बता दें कि एडमिरल अशरफ का यह दौरा दो सप्ताह बाद हुआ है जब पाकिस्तान के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष जनरल साहिर शामशाद मिर्ज़ा ने बांग्लादेश का दौरा किया था और अंतरिम प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस सहित तीनों सेनाओं के प्रमुखों से मुलाकात की थी।