पश्चिम एशिया में छिड़े संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तान से 350 करोड़ डॉलर के परिपक्व हो चुके कर्ज को चुकाने के लिए कहा था। हालांकि, पाकिस्तान यह कर्ज वापस देने के लिए तैयार हो गया है। लेकिन, पाकिस्तानी सांसद मुशाहिद हुसैन ने एहसान फरामोशी दिखाते हुए उलटा यूएई पर अखंड भारत का हिस्सा न बन जाने का तंज कसा है।
विदेशी कर्जे में सिर के ऊपर तक डूबी पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की हालत किसी से छिपी नहीं है। इसके बावजूद पाकिस्तान अपने सहयोगी मुस्लिम देशों को ही आंखें दिखाने पर उतर आया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने गाढ़े वक्त में पाकिस्तान को कर्जा देकर मदद की। वहीं, अब यूएई ने कर्जा वापस मांगा है तो पाकिस्तानी सांसद ने मदद का जवाब नसीहतों और तंज कस कर दिया है।
विज्ञापन
दरअसल, संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तान को 350 करोड़ डॉलर का कर्ज दिया था। अब यूएई ने परिपक्व हो चुकी कर्ज राशि को चुकाने को कहा है। हालांकि, पाकिस्तान ने ये कर्जा लौटाने की बात कही है। लेकिन, पाकिस्तानी सांसद मुशाहिद हुसैन ने एहसान फरमोशी दिखाते हुए टीवी पर उसका मजाक उड़ाया।
पाकिस्तान ने पार की एहसान फरामोशी की हदें
पाकिस्तानी सांसद मुशाहिद हुसैन ने टीवी डिबेट में खुलेआम यूएई को कई बार बेचारा करार दिया। हुसैन ने कहा, ''उस मुल्क को बनाने में हमारा किरदारा रहा है। हमने उनकी फौज को ट्रेनिंग दी है।'' उन्होंने कहा कि यूएई ने डेढ़ खरब डॉलर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दिया है। हुसैन ने आगे कहा कि यूएई कई जगहों पर जंग में फंसा हुआ है।
मुशाहिद हुसैन ने यूएई को अखंड भारत का डर भी दिखाया। उन्होंने कहा, ''मैं यूएई को मशवरा देना चाहता हूं कि आपकी आबादी एक करोड़ है। इनमें से 43 लाख लोग हिंदुस्तान के रहते हैं। अपना ख्याल रखें, हिंदुस्तान के साथ दोस्ती कहीं आपको अखंड भारत का हिस्सा न बना दे।''
कई बार बताया यूएई को बेचारा
उन्होंने यह भी दावा किया कि बेचारे दुबई को पैसे की जरूरत है, क्योंकि ईरान ने उसकी अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी है। उन्होंने अपने बयान में कई बार यूएई को बेचारा कहकर पुकारा। गौरतलब है कि ईरान युद्ध को खत्म करने की कोशिश में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। इसके लिए वह खाड़ी देशों से संपर्क में है। इसके बावजूद मुस्लिम बहुल खाड़ी देशों को आंखें दिखाने में कमी नहीं रख रहा है।