जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म करने के भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को पाकिस्तान सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान को भारत के साथ राजनयिक संबंध खत्म कर देने चाहिए। यह बयान उस समय में आया जब हाल ही में भारत ने अनुच्छेद 370 हटा कर जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापिस ले लिया है।
कश्मीर की स्थिति पर पाकिस्तान संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए फवाद चौधरी ने कहा कि जब दोनों देशों के बीच कोई राजनयिक संबंध है ही नहीं तो हमारे राजनयिक भारत में और उनके राजनयिक पाकिस्तान में क्या कर रहे हैं। जब कोई कूटनीति है ही नहीं तो हम राजनयिकों पर पैसा क्यों खर्च करें। हमें भारत के साथ राजनयिक संबंध को खत्म कर देना चाहिए।
फवाद चौधरी को इमरान खान का करीबी माना जाता है। हालांकि उन्होंने भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया के बारे में कहा कि वह अच्छे व्यक्ति हैं।
फवाद ने कहा कि पाकिस्तान को जंग से नहीं डरना चाहिए, क्योंकि सम्मान सबसे ज्यादा जरूरी होता है। जंग सम्मान के लिए लड़ी जाती है, जीतने या हारने के लिए नहीं। तो हमें जंग से नहीं डरना चाहिए। फवाद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस मामले में अपनी भूमिका निभानी चाहिए और अगर जंग होती है तो सब को उसकी क्रूरता झेलनी पड़ेगाी।