वैश्विक आतंकी हाफिज सईद को पाकिस्तान की गुजरांवाला अदालत ने दोषी करार दिया है। उसका मामला पाकिस्तान के गुजरात में शिफ्ट कर दिया गया है। ये जानकारी पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट में कही जा रही है।
बीते महीने 18 जुलाई को हाफिज को लाहौर से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाफिज की गिरफ्तारी आतंकी गतिविधियों को आर्थिक मदद देने के आरोपों के चलते पाकिस्तान के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने की थी।
आतंकी हाफिज सईद पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुका है, साथ ही कई बार रिहा भी हुआ है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी वाशिंगटन दौरे के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने इस बात को स्वीकार किया था कि पाकिस्तान में अभी भी 40 हजार आतंकी मौजूद हैं। इससे ये बाद साबित होती है कि पाकिस्तान में इस वक्त आतंकी संगठन भी सक्रिय हैं।
मुंबई 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने कई बार भारत में आतंकी हमले कराए हैं। 2008 के मुंबई हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इससे पहले हाफिज दिसंबर 2001, मई 2002, अक्तूबर 2002, अगस्त 2006 में दो बार, दिसंबर 2008, सितंबर 2009 और जनवरी 2017 में भी गिरफ्तार हो चुका है।