चीनी एप टिकटॉक के लिए पाकिस्तान से राहत भरी खबर आई है। दरअसल पाकिस्तान के टेलीकॉम निगरानीकर्ता ने सोमवार को वीडियो साझा करने वाले चीनी एप टिकटॉक से प्रतिबंध हटा लिया है। पाकिस्तान ने यह कदम कंपनी की तरफ से 'अनैतिक सामग्री' को नियंत्रित करने का आश्वासन दिए जाने के बाद उठाया है।
बता दें कि भारत और अमेरिका में टिकटॉक पर बैन लगाए जाने के बाद पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) ने भी अपने देश में इस एप के खिलाफ अनैतिक सामग्री की कई शिकायतें प्राप्त होने पर नौ अक्तूबर को प्रतिबंध लगा दिया था।
बहरहाल, पीटीए ने अब ट्वीट करके कहा है कि कंपनी के प्रबंधन (टिकटॉक) की ओर से यह आश्वासन मिलने के बाद कि अश्लीलता और अनैतिकता फैलाने वाले सभी अकाउंट को वह ब्लॉक करेंगे, इस पर से प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया गया है। टिकटॉक स्थानीय कानूनों के अनुसार, अकाउंट में सुधार करेगा।
इससे पहले, पीटीए ने आरोप लगाया था कि कई बार आपत्ति जताए जाने के बावजूद वीडियो एप संचालन कंपनी अश्लील और अनैतिक सामग्री को रोकने में नाकाम रही है। शनिवार को टिकटॉक के स्वामित्व वाली कंपनी बाइट डांस ने यहां अपनी सेवाओं में सुधार के लिए और संसाधन लगाने का वादा किया था।