भड़काऊ बयान देने वाले पाकिस्तानी मौलवी तहीरूल कादरी ने शनिवार को सक्रिय राजनीति छोड़ने का एलान कर दिया। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी पाकिस्तान आवामी तहरीक (पीएटी) के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया। कनाडा में रह रहे कादरी ने वीडियो संदेश जारी कर यह घोषणा की, लेकिन उन्होंने इस निर्णय की वजह नहीं बताई।
उन्होंने कहा कि मैं पाकिस्तानी राजनीति, राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ पीएटी के अध्यक्ष पद से अवकाश ले रहा हूं। मैं पीएटी का नेतृत्व अपने बेटों को नहीं सौंप रहा हूं बल्कि उसकी कमान पार्टी की परिषद के हवाले कर रहा हूं। कादरी ने 2014 में इमरान खान के साथ मिलकर तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ सरकार विरोधी प्रदर्शन किया था।