परियोजना प्रबंधन इकाई (पीएमयू) के अधिकारियों ने सोमवार को 'पीटीआई' को बताया कि 18 नवंबर को आयोजित रिसेप्शन में न कोई शराब परोसी गई और न ही किसी प्रकार का डांस हुआ। अधिकारियों ने कहा कि वायरल वीडियो में डिनर पार्टी में शराब दिखाई दे रही है। दुष्प्रचार के मकसद से वीडियो से छेड़छाड़ की गई होगी।
एक अधिकारी ने कहा, कार्यक्रम में एक लड़की गजल गा रही है और गलत उद्देश्यों के लिए वीडियो से छेड़छाड़ की गई है। अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि डिनर रिसेप्शन गुरुद्वारा दरबार साहिब में परियोजना प्रबंधन इकाई (पीएमयू) से करीब दो किलोमीटर दूर आयोजित किया गया था। इसका उद्घाटन गुरु नानक की 550वीं जंयती के मौके पर नौ नवंबर 2029 को किया गया था। करतारपुर सिखों का एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थान है, क्योंकि गुरु नानक ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष इसी स्थान पर बिताए थे।
इसके अलावा, पीएमयू ने एक बयान में कहा कि डिनर रिसेप्शन करतारपुर के दूसरे-चरण के विकास के लिए पिछले सप्ताहांत पर आयोजित किया गया था और यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान की गई थी। बयान में कहा गया, पीएमयू की ओर से शनिवार की रात (18 नवंबर) करतारपुर में एक अनौपचारिक डिनर रखा गया था, जिसमें नरोवाल जिले के सभी महत्वपूर्ण विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बयान के मुताबिक, डिनर में न्यायपालिका, जिला प्रशासन, पुलिस, रेंजर, एंटी-नारकोटिक्स अधिकारी और पत्रकार शामिल हुए।
इसमें कहा गया है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य करतारपुर के दूसरे चरण के विकास से जुड़े सभी विभागों और हितधारकों के बीच समन्वय और सहयोग को बढ़ाना था।