पाकिस्तान में महंगाई अपने चरम पर है। लोगों को इस महंगाई में जहां खाने के लाले पड़ रहे हैं तो वहीं इमरान सरकार ने शुक्रवार को तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि के बाद सभी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगभग 26 रुपये तक की भारी बढ़तरी कर दी है।
वित्त प्रभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पेट्रोल (मोटर स्पिरिट) की मौजूदा कीमत में एक ही बार में 25.58 रुपये की भारी बढ़ोतरी के कारण यह प्रति लीटर 100 रुपये के पार हो गया। बता दें कि इससे पहले पेट्रोल की कीमत 74.52 रुपये प्रति लीटर थी।
वहीं हाई स्पीड डीजल (HSD) की मौजूदा कीमत में 21.31 रुपये की बढ़ोतरी के बाद लोगों को 101.46 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे। जबकि लाइट डीजल की कीमत में 17.55 रुपये की बढ़ोतरी होने से लोगों को 55.98 रुपये प्रति लीटर के दर से खर्च करने होंगे।
बता दें कि पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा अप्रत्याशित रूप से की गई, क्योंकि पिछले महीने संशोधित की गई कीमतें 30 जून तक लागू रखने की बात कही गई थी। दरअसल नई कीमतें आमतौर पर महीने के अंतिम दिन घोषित की जाती हैं और यह 12 बजे के बाद लागू होती हैं, लेकिन इस प्रथा के विपरीत इस बार संशोधित कीमतों की घोषणा उसी दिन की गई जिस दिन से यह प्रभाव में आई। सरकार का यह कदम कई उपभोक्ताओं को आश्चर्यचकित कर दिया।
गौरतलब है कि पिछले महीने हाई स्पीड वाले डीजल को छोड़कर सभी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमी की गई थी।