पाकिस्तान की सत्ता से बेदखल होने के बाद से ही पूर्व पीएम इमरान खान लगातार विपक्ष पर हमलावर हैं। बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए सेना प्रमुख जनरल बाजवा पर निशाना साधा।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए आरोप लगाया है कि ‘गलत कृत्यों’ में शामिल सेना के ‘कुछ तत्व’ उनके सत्ता से बेदखल होने के लिए जिम्मेदार थे।
विज्ञापन
जनरल बाजवा पर साधा निशाना
बुधवार रात ट्विटर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इमरान ने लिखा, संस्थाओं में भी इंसान होते हैं। यदि एक या दो लोग कुछ गलत करते हैं तो पूरी संस्था जिम्मेदार नहीं होती है। क्रिकेटर से नेता बने इमरान ने कहा, यदि एक शख्स (सेना प्रमुख जनरल बाजवा) कोई गलती करता है तो इसका अर्थ यह नहीं कि पूरी संस्था की गलती है। अगर यहां एक मजबूत सेना नहीं होती तो पाकिस्तान के तीन टुकड़े हो सकते थे।
इतना ही नहीं जनरल बाजवा पर निशाना साधते हुए उन्होंने ये भी कहा कि कुछ लोग ताकतवर पदों पर बैठकर अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल करते हैं। आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को पाकिस्तान की सत्ता से बेदखल करने में उन्हीं ताकतवर लोगों का हाथ है।
विज्ञापन
उन्होंने समर्थकों से बृहस्पतिवार को लाहौर की मीनार-ए-पाकिस्तान पहुंचने की अपील की, ताकि इसे देश के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रैली बनाया जा सके। उनके करीबी फवाद चौधरी ने भी कहा कि पीटीआई और सेना में काफी समय से तनाव था और हमने गलतफहमियां दूर करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए।
पहले ही खो दिया था सेना का समर्थन
विशेषज्ञों के मुताबिक, पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने के बाद 10 अप्रैल को प्रधानमंत्री पद गंवाने वाले इमरान ने पाक सेना का समर्थन उस समय खो दिया था, जब उन्होंने बीते साल खुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख की नियुक्ति को समर्थन देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, वह अंत में इसके लिए तैयार हो गए, लेकिन तब तक सेना से उनके संबंध बिगड़ चुके थे।