पाकिस्तानी के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार
- फोटो : एएनआई
खस्ताहाल पाकिस्तान का भारत के साथ कारोबारी संबंध न होने का दर्द फिर से छलका है। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान से आयात पर भारत ने भारी शुल्क लगा दिया, जिसके कारण दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध 2019 से निलंबित हैं।
शनिवार को नेशनल असेंबली में कहा, पुलवामा के बाद भारत ने पाकिस्तान से आयात पर 200 प्रतिशत शुल्क लगाने का फैसला किया। भारत ने कश्मीर बस सेवा व व्यापार को भी निलंबित कर दिया। पाकिस्तानी दैनिक डॉन के अनुसार, डार पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की सांसद शर्मिला फारुकी के एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने पड़ोसी देशों, खासकर भारत के साथ पाकिस्तान के संबंधों में आने वाली व्यापारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी मांगी थी।
कश्मीर राग भी छेड़ा...सभी मुद्दों पर वार्ता की वकालत की
पाकिस्तान के विदेश मंत्री का भी पद संभाल रहे डार ने कहा, हम भारत के साथ जम्मू-कश्मीर समेत सभी मुद्दों के निपटारे के लिए लगातार रचनात्मक व परिणाम देने वाली वार्ता की वकालत कर रहे हैं। अब यह भारत पर निर्भर करता है कि वह शांति व संवाद के लिए उपयुक्त माहौल तैयार करे।
पहले शत्रुता मुक्त वातावरण बनाए पाकिस्तान
वहीं, इस पूरे मामले पर शुरू से ही भारत कहता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसी की तरह संबंधों की इच्छा रखता है। लेकिन, इसके लिए आतंक व शत्रुता मुक्त वातावरण बनाने की जिम्मेदारी इस्लामाबाद पर है।
कारोबार के लिए उत्सुक हैं व्यापारी
डार ने इसी साल मार्च में लंदन में संवाददाताओं के साथ बातचीत में भारत के साथ व्यापारिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए पाकिस्तान के व्यापारिक समुदाय की उत्सुकता पर प्रकाश डाला था। हालांकि, बाद में उनके कार्यालय ने सफाई दी थी कि पाकिस्तान की भारत के साथ व्यापार संबंधों को फिर से शुरू करने की कोई योजना नहीं है। अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को संसद की तरफ से खत्म किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ संबंध शिथिल कर दिए थे।