सार
पाकिस्तान ने अफगान सीमा पर जारी सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ में 583 अफगान तालिबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया है। पाकिस्तानी सूचना मंत्री के मुताबिक 795 लड़ाके घायल हुए हैं। पाकिस्तान ने 242 तालिबान चौकियां नष्ट करने, 38 पर कब्जा कर उन्हें ध्वस्त करने और 213 सैन्य वाहनों-तोपों को तबाह करने का दावा भी किया है।
अफगानिस्तान-पाकिस्तान संघर्ष (File Photo)
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव दिन-प्रतिदिन और भयावह रूप लेता जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान ने दावा किया है कि सीमा पर चल रहे सैन्य अभियान में उसके सुरक्षा बलों ने 583 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है। यह जानकारी रविवार को पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों में दी गई। बता दें कि पाकिस्तान ने 26 फरवरी को ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ शुरू किया था। यह अभियान तब शुरू किया गया जब अफगान तालिबान ने सीमा के पास पाकिस्तान के 53 ठिकानों पर हमले किए थे।
इसके बाद पाकिस्तान की सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सीमा क्षेत्रों में बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि इस ऑपरेशन में अब तक 583 तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 795 घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें:- Nepal Gen-Z Protest: नेपाल में जेन-जी प्रदर्शन पर बड़ा खुलासा, 76 लोगों की मौत के पीछे सरकार की लापरवाही
'तालिबान की 242 चौकियों को नष्ट किया गया'
तरार ने यह भी बताया कि अभियान के दौरान पाकिस्तान की सेना ने तालिबान की 242 चौकियों को नष्ट कर दिया, जबकि 38 चौकियों पर कब्जा करने के बाद उन्हें भी ध्वस्त कर दिया गया। सरकार के मुताबिक इस कार्रवाई में तालिबान के कई सैन्य उपकरण भी नष्ट किए गए हैं। इनमें 213 टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपें शामिल हैं। इसके अलावा अफगानिस्तान के अंदर 64 स्थानों को हवाई हमलों के जरिए निशाना बनाया गया।
घुसपैठ की कोशिश नाकाम
इसी बीच सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि सीमा पर घुसपैठ की एक कोशिश भी नाकाम कर दी गई। चमन सीमा क्षेत्र में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के तीन आतंकियों ने घुसने की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें रोक दिया। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया, जबकि बाकी दो घायल हालत में भागने में सफल रहे।
ये भी पढ़ें:- Nepal Gen-Z Protest: नेपाल में जेन-जी प्रदर्शन पर बड़ा खुलासा, 76 लोगों की मौत के पीछे सरकार की लापरवाही
4 से 5 आईईडी बम और बाड़ काटने के उपकरण बरामद किए गए
गौरतलब है कि मारे गए आतंकी के पास से 4 से 5 आईईडी बम और बाड़ काटने के उपकरण बरामद किए गए। इससे पहले शनिवार को भी पाकिस्तान ने हवाई कार्रवाई करते हुए उत्तरी वजीरिस्तान जिले में तालिबान की कई चौकियों को नष्ट करने का दावा किया था। पाकिस्तान का कहना है कि यह सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों के खतरे को पूरी तरह खत्म नहीं कर दिया जाता।
अन्य वीडियो