पाकिस्तान ने वैश्विक प्रेस स्वतंत्रता समूह कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट (सीपीजे) के एशिया समन्वयक को बर्खास्त कर उनका नाम काली सूची में डाल दिया है। सीपीजे के कार्यकारी निदेशक जोएल सिमोन ने स्टीवन बटलर की बर्खास्तगी को हैरान करने वाला कदम करार दिया है।
बटलर को वैध वीजा होने के बावजूद लाहौर के अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रवेश नहीं दिया गया और अमेरिका वापस भेज दिया गया। बटलर के अनुसार, उनको बताया गया कि उनका नाम गृह मंत्रालय की निषेध सूची में शामिल है। बटलर पाकिस्तान में एक कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बना रहे थे।
सिमोन ने सीपीजे की ओर से जारी बयान में कहा कि पाकिस्तानी अधिकारियों को बटलर को प्रवेश से रोकने के अपने फैसले का पूर्ण स्पष्टीकरण देना होगा देना होगा और इस गलती को सुधारना होगा। अगर सरकार स्वतंत्र प्रेस को लेकर अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने की इच्छुक है तो उसे इस मामले की तेजी से और निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। पाकिस्तान सरकार ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।