निर्विरोध पीटीआई अध्यक्ष चुने गए गौहर अली खान
तीन अक्तूबर को चुनाव आयोग में एक याचिका दायर कर इमरान खान को उनकी अपनी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी में किसी भी पद पर रहने से रोकने की मांग की गई थी। दो महीने बाद दो दिसंबर को इमरान खान ने तोशाखाना मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण पार्टी अध्यक्ष पद के लिए ईसीपी द्वारा अनिवार्य अंतर-पार्टी चुनाव न लड़ने का फैसला किया। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री ने इसके बजाय बैरिस्टर गौहर अली खान को पीटीआई का नेतृत्व करने के लिए चुना था। इस महीने की शुरुआत में उनके सामने अन्य कानूनी चुनौतियां थीं। बैरिस्टर गौहर को दो दिसंबर को पार्टी के भीतर हुए चुनावों में आधिकारिक तौर पर पीटीआई प्रमुख के रूप में निर्विरोध चुना गया था।
पार्टी के अंतर-चुनाव में चुन लिया नया अध्यक्ष: पीटीआई के वकील
मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सिकंदर सुल्तान राजा ने इस्लामाबाद में ईसीपी मुख्यालय में हुई सुनवाई की अध्यक्षता की। सुनवाई के दौरान पीटीआई के वकील शोएब शाहीन ने कहा कि यह याचिका निरर्थक हो गई है क्योंकि पार्टी ने अपना नया अध्यक्ष चुन लिया है। शाहीन ने कहा कि उन्होंने ईसीपी को पार्टी के अंतर-चुनाव का रिकॉर्ड सौंप दिया है और यह मामला अब समाप्त हो जाना चाहिए। वकील शाहीन ने यह भी कहा कि अगर ईसीपी इस मामले की सुनवाई करना चाहता है, तो उसे इसे पीटीआई के संस्थापक सदस्य अकबर एस बाबर द्वारा पार्टी के अंतर-चुनाव के खिलाफ दायर की जा रही याचिका के साथ जोड़ना चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने मामले पर क्या कहा
वहीं, जिओ न्यूज ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सिकंदर सुल्तान राजा के हवाले से कहा, आप खालिद महमूद (याचिकाकर्ता के वकील) को नए अध्यक्ष के खिलाफ याचिका दाखिल करने का मौका दे रहे हैं। वकील महमूद ने सीईसी से आदेश में यह जिक्र करने का भी अनुरोध किया कि इमरान खान अपनी दोषसिद्धी के कारण पार्टी में किसी भी पद पर नहीं रह सकते। सीईसी ने कहा कि वे इस मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकते क्योंकि पीटीआई के पूर्व प्रमुख ने पार्टी के भीतर चुनाव नहीं लड़ा। हालांकि, ईसीपी ने याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया।