इस्राइल पर हमास आतंकी द्वारा किए गए हमले को पाकिस्तानी धार्मिक नेता ने ऐतिहासिक सफलता करार दिया है। साथ ही पाक धार्मिक नेता ने कहा कि हम फलिस्तीन के लोगों के साथ खड़े हैं। सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट से यह बात सामने आई।
विज्ञापन
फजलुर रहमान ने कहा फलिस्तीनियों को हमले की बधाई
रविवार को पेशावर में पत्रकारों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (जेयूआई-एफ) प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने कहा फलिस्तीन का मुद्दा अभी खत्म नहीं हुआ है। इस्राइल पर हमला इस बात का सबूत है। अपने संबोधन के दौरान जेयूआई-एफ प्रमुख ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि हम अपने फलिस्तीनी भाईयों के साथ हैं। इस्राइल पर हमला एक ऐतिहासिक लड़ाई है।
पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के प्रमुख रहमान ने कहा कि दुनिया सोच रही थी कि फलिस्तीनी मुद्दा खत्म हो गया है। इस तरह की कार्रवाई के लिए मैं फलिस्तीनी लोगों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि हमले ने इस्राइल की रक्षा प्रणाली और उसके अहंकार को खत्म कर दिया है।
विज्ञापन
क्या है मामला?
शनिवार को गाजा पट्टी स्थित आतंकी समूह हमास ने इस्राइल पर पांच हजार रॉकेट दागे थे। जिसके बाद से क्षेत्र में स्थिति तनाव पूर्ण बनी हुई है। आपसी युद्ध में इस्राइल में कम से कम 700 लोग मारे गए और 2,100 से अधिक घायल हुए। वहीं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गाजा पट्टी में इस्राइल के जवाबी हमले में लगभग 500 मौतें हुई हैं और 2,000 से अधिक घायल हुए हैं।