पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की वापसी पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा, जो भी अदालती मामलों का सामना कर रहे है, उन सभी को आगामी आम चुनावों में भाग लेने के लिए कानूनी उपाय तलाशने होंगे। पीएमएन-एल सुप्रीमो नवाज शरीफ की वापसी के फैसले की अटकलों को उन्होंने खारिज कर दिया है। बता दें 73 साल के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ कई भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे हैं।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा- कोई सहानुभूति नहीं
वर्ल्ड इको न्यूज को दिए अपने साक्षात्कार में अनवारुल हक ने गंभीर सवाल दागे। उन्होंने कहा, पीएमएल-एन या किसी अन्य राजनीतिक दल के लिए कार्यवाहक सरकार के पास कोई सहानुभूति नहीं है। एक कार्यवाहक सरकार इस तरह का सौदा कैसे कर सकती है? साथ ही उन्होंने कहा अगर नवाज वापस लौटते हैं और राजनीति में हिस्सा लेते हैं तो उन्हें कुछ कानूनी बाधाओं का सामना करना पड़ेगा। इन कानूनी सवालों के जवाब कानूनी उपायों में निहित हैं। काकर ने कहा कोई भी नेता, चाहे वह इमरान खान, आसिफ अली जरदारी या नवाज शरीफ हों, सभी को अपने मामले के अनुसार कानूनी उपाय तलाशना होगा। नवाज के अलावा, खान और जरदारी कई अदालती मामलों का सामना कर रहे हैं। नवाज शरीफ ने 2017 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पद छोड़ दिया था, वेतन की घोषणा नहीं करने के कारण सुप्रीम कोर्ट द्वारा सार्वजनिक पद संभालने से जीवनभर के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
आम चुनावों की तारीखों का इंतजार
पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने सितंबर में घोषणा की थी कि चुनाव जनवरी 2024 के आखिरी सप्ताह में होंगे। हालांकि, इसमें कोई तारीख नहीं बताई गई है। पिछले महीने, पीएमएल-एन अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने पुष्टि की थी कि उनके बड़े भाई नवाज आम चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का नेतृत्व करने के लिए 21 अक्तूबर को पाकिस्तान लौट रहे हैं। इसके बाद पार्टी ने घोषणा की कि नवाज शरीफ लंदन से लौटने पर सभी प्रकार की परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार हैं।